सोनीपत। बुनियाद कार्यक्रम के तहत खंडस्तर पर आयोजित की गई बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम वीरवार को घोषित कर दिया गया। इसमें जिले के 35.88 फीसदी विद्यार्थियों ने बाजी मारी है। परीक्षा परिणाम में जिले में टॉप थ्री स्थान पर राई खंड के विद्यार्थियों का ही कब्जा रहा। राजकीय स्कूल कुंडली के विद्यार्थी विकास कुमार राव ने 86.5 फीसदी अंक लेकर जिले में टॉप किया है। जबकि अटेरना की तनीषा ने द्वितीय व कुंडली स्कूल की ही तनीषा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर स्कूल का मान बढ़ाया है।
शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी योजना मिशन बुनियाद के बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा 3 फरवरी को आयोजित की गई थी। परीक्षा को लेकर जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन परीक्षा केंद्रों पर जिले भर से 3383 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। हालांकि परीक्षा में 3002 विद्यार्थियों ने ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। वीरवार को जारी किए गए परीक्षा परिणाम में इनमें 1185 विद्यार्थियों ने बाजी मारी है।
परीक्षा में थी नेगेटिव मार्किंग
शिक्षा अधिकारियों की मानें तो 200 अंक के पेपर में चार-चार अंकों के 50 प्रश्न पूछे गए थे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग थी। इसके तहत प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक अंक काटा गया है। यही कारण है कि विद्यार्थियों का उत्तीर्ण फीसदी कम रहा है। लेवल-1 की परीक्षा में जो विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे हैं, उन्हें लेवल-2 की परीक्षा देने का मौका मिलेगा। लेवल-2 में भी नेगेटिव मार्किंग रहेगी।
जिले में यह विद्यार्थी रहे अव्वल
विद्यार्थी प्राप्तांक स्कूल
विकास कुमार राव 173 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुंडली, राई
तनीषा 171 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अटेरना, राई
तनीषा 157 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुंडली, राई
जिले के टॉप तीन स्कूल
खंड स्कूल उत्तीर्ण विद्यार्थी
सोनीपत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुरथल अड्डा 28
सोनीपत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन 23
राई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुंडली 22
कहां कितने विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण
खंड परीक्षा दी उत्तीर्ण छात्राएं छात्र
सोनीपत 909 316 174 142
गन्नौर 444 145 82 63
गोहाना 333 148 86 62
कथूरा 167 96 51 45
मुडलाना 262 145 88 57
खरखौदा 336 123 68 55
राई 551 212 102 110
कुल 3002 1185 651 534
वर्जन
बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। जिसमें 1185 विद्यार्थियों ने बाजी मारी है। जिले का उत्तीर्ण फीसदी 35.88 रहा है। उत्तीर्ण विद्यार्थी अब लेवल-2 की परीक्षा दे सकेंगे। यह परीक्षा 29 फरवरी को आयोजित की जाएगी।-सुरेंद्र सिंह, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सोनीपत