सोनीपत की दहिया कॉलोनी में भरे दूषित पानी पर रोष जताते लोग व पार्षद।
सोनीपत। दहिया कॉलोनी में दूषित पानी भरने से स्थानीय निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कॉलोनी में जलभराव और सीवर की सफाई न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर जिला पार्षद संजय बड़वासनी और निगम पार्षद सुनीता भोला ने कॉलोनी का दौरा कर समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
संजय बड़वासनी ने कहा कि गंदे पानी के कारण कॉलोनी के कई लोग बीमार पड़ रहे हैं। सीवर लाइन का लेवल ठीक न होने और कई महीने से गाद न निकलने के कारण सीवर व्यवस्था बाधित है। उन्होंने कहा कि 23 अक्तूबर को होने वाली बैठक में समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी। सीवर की सफाई करवाने और पाइपलाइन की व्यवस्था दुरुस्त करने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने प्लॉट काटते समय जमीन का लेवल सही नहीं रखा इस कारण जलभराव की समस्या बनी है। जल्द ही इसका समाधान करवाया जाएगा। इस अवसर पर राजवीर, संदीप और कुलदीप आदि मौजूद रहे।