फोटो 34: सोनीपत के खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में पेन डाउन हड़ताल रख विरोध जत
गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूलसिंह राजकीय महिला मेडिकल काॅलेज के अस्पताल में सोमवार को रेजिडेंट चिकित्सकों ने दो घंटे तक पेन डाउन हड़ताल की। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ओपीडी में मरीज परेशान न हो, इसके लिए सीनियर चिकित्सकों की ड्यूटी लगा दी थी।
जिन हॉस्टलों में रेजिडेंट चिकित्सक रहते हैं उनमें चार दिन पहले एसी चलाने पर पाबंदी लगा दी गई थी। हाॅस्टल में लगाए गए एसी के कनेक्शन भी काट दिए गए थे। इस पर मेडिकल काॅलेज की रेजिडेंट डाॅक्टर एसोसिएशन (आरडीए) ने एतराज जताया था।
एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को रेजिडेंट चिकित्सकों ने अस्पताल में ओपीडी के दौरान दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक पेन डाउन हड़ताल की। एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. सुखदेव ने बताया कि गर्मी की वजह से उमस से भी परेशानी बढ़ गई है। कॉलेज के अस्पताल में सेंट्रल एसी लंबे समय से खराब है। यहां पर बैठकर ओपीडी करने में पसीने छूटते हैं। मरीज भी परेशान होते हैं। अब हॉस्टल में एसी चलाने पर पाबंदी लगा दी गई है। गर्मी में चिकित्सकों को आराम करने की सुविधा तक नहीं मिल रही।
कॉलेज प्रशासन को सुविधाएं बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। आपातकालीन ओटी तक में एसी काम नहीं कर रहे हैं। रेजिडेंट चिकित्सक मानदंडों के अनुसार एसी उपयोग पर 20 हजार रुपये शुल्क देने के लिए तैयार हैं।