फोटो 07- सोनीपत के पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह की रिहर्सल के दौरान विद्यार्थियों क
सोनीपत। गोहाना रोड स्थित पुलिस लाइन मैदान में 26 जनवरी को जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि गोहाना में होने वाले उपमंडलीय गणतंत्र दिवस समारोह में सोनीपत विधायक निखिल मदान, गन्नौर में विधायक देवेंद्र कादियान व खरखौदा में विधायक पवन खरखौदा बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। 76वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में जिलास्तरीय समारोह का आयोजन जिला पुलिस लाइन मैदान में किया जाएगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस के साथ ही एनसीसी व एनएसएस की टुकड़ियां जहां परेड की रिहर्सल कर रही हैं, वहीं विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल करते हुए जमकर पसीना बहा रहे हैं। वीरवार को पुलिस लाइन मैदान में तैयारियों का रंगारंग नजारा देखने को मिला। जहां एनसीसी व एनएसएस के विद्यार्थियों ने बैंड की धुन पर परेड की, वहीं देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आज
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर विद्यार्थी करीब एक सप्ताह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। पुलिस लाइन मैदान पर शुक्रवार को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल की जाएगी। इस दौरान पुलिस की महिला एवं पुरुष टुकड़ियां, एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस के स्वयंसेवक फुल ड्रेस में फाइनल रिहर्सल करेंगे। शनिवार को विद्यार्थी घर पर रहकर अपनी पोशाक के साथ ही अन्य तैयारियां पूरी करेंगे। समारोह को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह बना हुआ है।