मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है। करते हो तुम कन्हैया, मेरा नाम हो रहा है और हर सांस में हो सुमिरन तेरा, यूं बीत जाए जीवन मेरा। तेरी पूजा करते बीते सांझ-सवेरा, यूं बीत जाए जीवन मेरा। सरीखे भजन चल रहे थे, सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोग इन्हीं भजनों पर झूमने को मजबूर थे। मजबूर हो भी क्यों न भजन सम्राट विनोद अग्रवाल खुद जो इनको गा रहे थे।
वृंदावन से आए विनोद अग्रवाल के भजनों की रसधारा रविवार देर शाम मुरथल रोड स्थित श्रीजी इंटरनेशनल स्कूल में बह रही थी। कार्यक्रम के आयोजन का जिम्मा सिद्धपीठ बाबाधाम, कामी रोड और राधा माधव संकीर्तन मंडल पर संयुक्त रूप से था। युगल-रस संकीर्तन के नाम से आयोजित इस भजन संध्या में मुख्यातिथि के तौर पर महिला एवं बाल विकास तथा शहरी निकाय मंत्री कविता जैन पधारी। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर उनके पति एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव जैन ने भी शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विनोद अग्रवाल के भजनों पर सभी जमकर झूमे। इस अवसर पर बलदेव कृष्ण, महावीर शर्मा और धीरज बावरा ने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। कार्यक्रम में श्रीजी इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन राकेश कुच्छल, वाइस चेयरमैन केएन धर, डायरेक्टर हिमांशु कुच्छल, राधा माधव संकीर्तन मंडल के प्रधान मनोज शर्मा, संरक्षक लाजपत आहुजा, राजीव शास्त्री, नरेंद्र सोनी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।