सोनीपत। लंबे समय से बसों की कमी झेल रहे सोनीपत रोडवेज डिपो में मंगलवार को 6 और नई बसें पहुंच गईं। मार्च में डिपो में 40 नई बसें पहुंची हैं, जिससे रोडवेज अधिकारियों ने भी राहत महसूस की है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि नई बसों को बीमा व पासिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़कों पर उतारा जाएगा।
सोनीपत के रोडवेज डिपो में लंबे समय से नई बसें नहीं आई थी। जो बसें चल रही थीं, उनमें से भी साल दर साल खराब होती जा रही थीं, जिस कारण 120 बसों में से महज 54 ही रह गई थीं। बसों की संख्या कम होने के कारण कई रूटों पर परिचालन तक बंद हो गया था। वहीं कई महत्वपूर्ण रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हो रही थी। मार्च की शुरुआत में डिपो में नई बसें पहुंचने शुरू हुई थीं। अब तक 40 नई बसें पहुंच चुकी हैं।
खाटू श्याम और सालासर के लिए चलेंगी बस
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि बीमा व पासिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा, जिसमें खाटू श्याम और सालासर धाम भी शामिल है। इससे सोनीपत, रोहतक और पानीपत के यात्रियों को फायदा होगा। अब तक पानीपत के यात्री भी दिल्ली से बस पकड़ते हैं। डिपो में नई बसों के पहुंचने के बाद अब सोनीपत से ही खाटूश्याम व सालासर धाम के लिए सीधी बस सेवा मिल सकेगी।
वर्जन
डिपो में लंबे समय से बसों की कमी बनी हुई थी। मंगलवार को 6 नई बसें पहुंची हैं। मार्च माह में 40 नई बसें पहुंच चुकी हैं। जिनकी बीमा व पासिंग प्रक्रिया शेष है। नई बसों को सड़क पर उतरने के बाद यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं दी जा सकेंगी। -गजेंद्र, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत