सोनीपत। नागरिक अस्पताल में वीरवार को तीन सदस्यीय कायाकल्प टीम सफाई व्यवस्था व स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंची। रोहतक से पहुंची कायाकल्प टीम में डॉ. शारदा, डॉ. अंजू पूनिया व जिला गुणवत्ता प्रबंधक यश शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों का निरीक्षण किया और यहां मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
कायाकल्प टीम ने अस्पताल परिसर में बारिश के पानी की निकासी के लिए रेन वाटर हार्वेंस्टिग सिस्टम, पार्किंग, डिस्पेंसरी, ओपीडी कक्षों, एक्स-रे रूम, लैब व सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद टीम ने अस्पताल में ओपीडी में जांच की और वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत करके उपचार और अन्य सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। आपरेशन थियेटर की सुविधाओं के साथ दवाओं के स्टॉक के बारे में भी पता किया। इसके बाद बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था, अस्पताल में बेडों की स्थिति, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नागरिक अस्पताल को स्वच्छता के लिए पहले भी तीन बार कायाकल्प अवॉर्ड मिल चुका है। कायाकल्प टीम ने डायलिसिस सेंटर, आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। साथ ही सभी वार्ड, नर्सिंग रूम, शौचालयों की जांच की। इस दौरान उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा, डॉ. संदीप लठवाल, जिला गुणवत्ता प्रबंधक नवीन दहिया, इंद्रवती, आईसीएन बिमला रानी, सुमन, मंजू सैनी आदि मौजूद रहे।
इंसेट
व्यवस्था को और बेहतर बनाने को सुझाव दिए
नागरिक अस्पताल गोहाना में भी वीरवार को कायाकल्प टीम पहुंची। टीम ने अस्पताल में सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच की। पानीपत जिले में नारायण स्थित स्वास्थ्य केंद्र से कायाकल्प की टीम पहुंची। टीम में डा. दीपक कुमार और डा. सौरभ चौहान रहे। दोनों सदस्य करीब चार घंटे तक अस्पताल में रहे। कायाकल्प योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश रोहिल्ला ने बताया कि बेहतर व्यवस्था मिलने पर टीम ने 100 में से 99.52 अंक दिए। टीम ने व्यवस्था को और बेहतर बनाने को सुझाव भी दिए। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कर्मबीर ने टीम को अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया।