सोनीपत। तहसील परिसरों में दो दिन से सर्वर डाउन होने के कारण रजिस्ट्री प्रक्रिया पर असर पड़ा। बुधवार व वीरवार को तहसील परिसरों में एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी।
इसकी वजह से रजिस्ट्री कराने के लिए पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्वर डाउन होने से जिले की सभी तहसील कार्यालयों में रजिस्ट्री नहीं हुई। जिसने टोकन लिया था, वे बार बार पूछते रहे। जिलेभर में प्रतिदिन करीब 200 से ज्यादा रजिस्ट्री होती है। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए जमीन की फरद निकलवाने के लिए रोजाना 300 से ज्यादा किसान आते हैं। सरकार ने पारदर्शिता लाने के लिए तहसील में जमीन से संबंधी कार्य ऑनलाइन किया हुआ है। इसके लिए पोर्टल बना रखा है। सर्वर को चंडीगढ़ मुख्यालय से ऑपरेट किया जाता है।
जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में दो दिन सर्वर डाउन होने के कारण किसी भी तहसील में रजिस्ट्री नहीं हो सकी। शाम 4 बजे के बाद सर्वर ठीक हो गया है। शुक्रवार को रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।