संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्री हजूर साहिब नांदेड़ (महाराष्ट्र) की निशुल्क यात्रा के लिए 5 मई को कुरुक्षेत्र से विशेष ट्रेन रवाना होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
योजना का लाभ उठाने के लिए 60 वर्ष से अधिक आयु व 1.80 लाख से रुपये कम वार्षिक आय वाले वरिष्ठ नागरिक 15 अप्रैल तक सरल पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। निशुल्क यात्रा के दौरान यात्री के रहने, खाने और स्थानीय परिवहन का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम ने बताया कि पंजीकरण के लिए परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, शारीरिक फिटनेस व स्वयं घोषणा पत्र अनिवार्य है। आवेदक को पंजीकरण के बाद 16 अप्रैल तक जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में सूचना देनी होगी।