सोनीपत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवा यात्रा के शताब्दी वर्ष व विजयदशमी उत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को गांव खानपुर कलां खंड के नगर मंडल के गांव गामड़ी में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। पूजन में स्वयंसेवकों ने अनुशासनबद्ध तरीके से भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में गांव खानपुर कलां स्थित पीजीआई के निदेशक जगदीश दुरेजा ने शिरकत की।
मुख्यातिथि जगदीश दुरेजा ने कहा कि संघ भी देश व समाज के बीच वैसे ही कार्य करता है, जैसे कि एक डाॅक्टर व्यक्ति के शरीर को ठीक करता है। उसी भांति संघ भी समाज के अंदर फैली बुराइयों को समाप्त करने के लिए प्रयासरत है। कार्यक्रम में खंड संघचालक कुलदीप, जिला कार्यवाह अमरचंद, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख रविंद्र कुमार, खंड कार्यवाह रविंद्र कुमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत कार्यवाह प्रताप ने विजयदशमी के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने संघ की 100 वर्षों की यात्रा को तीन प्रमुख चरणों में विभाजित करते हुए बताया कि संघ ने समाज में पांच प्रमुख बदलावों को दिशा दी है। संघ अब विरोध के मार्ग को पार कर स्वीकृति व समर्थन की स्थिति तक पहुंच चुका है। यह परिवर्तन स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा, श्रेष्ठ कार्य पद्धति, समाज में समरसता युक्त आचरण के कारण संभव हो सका है। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने भी भाग लेकर उत्साहवर्धन किया।
वर्ष 2026 दशहरे तक देशभर में यह होंगे कार्यक्रम
- विजयादशमी उत्सव : मंडल व बस्ती स्तर पर गणवेश वाले स्वयंसेवक व उनके परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करना।
- गृह संपर्क अभियान : हर घर जाकर 15 मिनट संघ की जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम तीन सप्ताह तक चलेगा।
- प्रमुख जन गोष्ठियां : मजदूर यूनियन, ऑटो चालकों व प्रमुख वर्ग के बीच संवाद।
- हिंदू सम्मेलन : नगर व खंड स्तर पर सामाजिक वर्गों को जोड़ने वाले सम्मेलन।
- सामाजिक सद्भाव बैठकें : 1 माह प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता, संस्थाओं व संतों की सहभागिता।
- युवा सम्मेलन : 15-40 वर्ष के युवाओं के लिए सम्मेलन, इनमें खेलकूद भी शामिल रहेंगे।
- शाखा विस्तार : एक सप्ताह में तीनों प्रकार की शाखाओं का देशभर में विस्तार।