सोनीपत। शातिर इनामी राजू बसौदी रिमांड अवधि के दौरान लगातार राज उगल रहा है। राजू बसौदी ने हत्या की छह अन्य वारदात समेत लूट की कई वारदात का खुलासा किया है। राजू बसौदी ने बदमाश नरेश शेट्टी के जीजा व मांडौठी के अजय डंका की हत्या की भी बात कुबूली है। इसके साथ ही राजू ने रेत खनन ठेकेदारों से 10 फीसदी रंगदारी वसूलने की बात भी कुबूल की है। इसके लिए खान ठेके के पास चार से गुर्गे निगरानी करते थे। राजू बसौदी ने एसटीएफ को बताया है कि वह कुछ माह बाद कनाडा में जाकर बसना चाहता था। वह देश से फरार होने के बाद उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान व थाइलैंड में छिपता रहा।
शातिर इनामी राजू बसौदी से पूछताछ के दौरान लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस रिकार्ड में 13 हत्या के मामलों में नामजद राजू बसौदी अब तक 19 हत्या के मामलों में अपनी संलिप्तता कुबूल कर चुका है। पुलिस पूछताछ में राजू बसौदी ने बताया कि उसने जींद के गांव श्योमलो में अपने साथी नरेश शेट्टी के जीजा की हत्या की थी। इसके साथ ही राजू बसौदी ने अपने साथी संदीप उर्फ काला के कहने पर मार्च, 2019 में मांडौठी के अजय उर्फ डंका की हत्या कराना कुबूला है। अजय उर्फ डंका उनके साथी अनिल कारोर के पिता की हत्या के मामले में नामजद रहा है। चंडीगढ़ के मनीमाजरा में वह अपने साथी अंकित भादू व अन्य साथ एक स्वर्णकार को लूटने गए थे। वहां पर अंकित भादू के गोली चलाने से स्वर्णकार की हत्या हो गई थी। जिसके बाद वह वहां से भाग निकले थे। उसने वर्ष 2018 में रोहतक के गांव कारोर के आनंद की हत्या में भी संलिप्तता की बात कही है। मार्च 2019 में झज्जर में केके की हत्या कराई थी। केके के साथ नरेश शेट्टी का प्लाट को लेकर झगड़ा गया था। जिसकी रंजिश में ही केके ही हत्या कराई गई थी। चडीगढ़ में सोनू की हत्या राजू बसौदी ने विदेश में होते हुए करा दी थी। सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी भी ली थी। मनप्रीत मन्ना केस में भी यह शामिल था। इसके साथ ही रोहतक में 8 शराब ठेकों पर जबरन कब्जा करने की बात कही है। सिसाना के भूपेंद्र से भी इसके गुर्गे रंगदारी मांग चुके हैं।
राजू बसौदी से लगातार पूछताछ की जा रही है। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, अंबाला, झज्जर, रोहतक और करनाल की पुलिस व विशेष टीम उससे जानकारी जुटा रही है। राजू ने रंगदारी की करीब 37 घटनाओं को स्वीकार किया है। हालांकि उसने फोन किए जाने की तारीख ठीक से नहीं बताई, लेकिन कई लोगों के नाम व पते बताए हैं। पुलिस उसके गुर्गों की धरपकड़ के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।
लूट की कई वारदातों में भी संलिप्तता आई सामने
राजू बसौदी ने वर्ष 2019 में दिल्ली के सुल्तानपुर से 28 लाख रुपये लूट कराने, दिसंबर, 2018 में ब्रेजा गाड़ी लूटने, 2018 में पलड़ी के पास से 14 लाख रुपये लूटने, रुड़की से स्कार्पियो लूटने, सोनीपत में कार सवार से सवा चार लाख रुपये लूटने की बात कुबूल की है। आरोपी ने बताया कि वह कार लूटने आए थे। कार सवार वहां से फरार हो गया तो कार में नकदी मिल गई थी। जिस पर वह कार छोड़ नकदी उठा ले गए थे।
रेत खनन ठेकेदारों से वसूलते थे 10 फीसदी रंगदारी
राजू बसौदी ने एसटीएफ को बताया है कि वह रेत खनन में भी मोटी रकम वसूलते थे। राजू ने बताया है कि वह खान ठेके के पास निगरानी के लिए अपने चार गुर्गे रखते थे। वह रेत खान से 10 फीसदी अपने डंपर से रेत खनन कराते थे। जिससे उनकी मोटी कमाई होती थी। इसके लिए गुर्गे देखते थे कि एक दिन में कुल कितने वाहन रेत के निकले है। उसके 10 फीसदी वाहन उनके निकलते थे।
कनाडा में होना चाहता था सैटल
राजू बसौदी से पूछताछ में सामने आया है कि भारत से भागने के बाद वह उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान व थाइलैंड में छिपता रहा। वहां वीसा की जरूरत नहीं होने के चलते उसने आसानी से ठिकाना बना लिया था। राजू अब जल्द की कनाडा जाकर बसने की तैयारी में था। इसके लिए उसने प्रयास शुरू कर दिया था। हालांकि कनाडा जाने से पहले ही वह एयरपोर्ट पर एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया।