14 अगस्त को शहर की नई अनाज मंडी में होने वाली रैली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। सुरक्षा के नजरिए से कोई भी कोताही बर्दास्त नहीं होगा। इसके लिए मंडी में रहने वाले सभी लोगों से संपर्क कर सभी जानकारी प्राप्त की जाए। यह दिशा-निर्देश पुलिस अधिकारियों को सोनीपत के डीआईजी हरदीप सिंह दून ने जारी किए। डीआईजी दून सोमवार को रैली स्थल का जायजा लेने अनाज मंडी में पहुंचे थे। 14 अगस्त को शहर की नई अनाज मंडी में विकास रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए बीजेपी नेताओं ने हल्के के गांवों में दौरा करना शुरू कर दिया है। वहीं अधिकारी भी रैली स्थल का जायजा ले रहे हैं। सोमवार को सोनीपत के डीआईजी हरदीप सिंह दून ने रैली स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को सुरक्षा के प्रति कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने रैली स्थल से लेकर पार्किंग स्थल, मुख्य द्वार, मुख्य मंच और श्रीराम शरणम में बनने वाले हैलीपैड और मुख्यमंत्री के लिए रुकने समेत ग्राउंड का जायजा लिया। इस मौके पर गोहाना निगरानी कमेटी अध्यक्ष गुलशन विरमानी, गोहाना मंडल अध्यक्ष बलराम कौशिक, कथूरा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र नरवाल, इंद्रजीत विरमानी और डॉ. ओमप्रकाश शर्मा आदि उपस्थित रहे।
काफिले को बीच सड़क में खड़ा किया, लगा जाम
रैली स्थल से लेकर हैलीपैड तक डीआईजी के साथ करीब दर्जन भर गाड़ियों का काफिला था। हैलीपेड का दौरा कर वापस अनाज मंडी के गेट पर दौरा करने पहुंचे डीआईजी रोड के बीचोंबीच गाड़ी को खड़ा कर बीजेपी नेताओं से बातचीत करते रहे। सड़क पर रास्ता न होने के कारण जींद रोड पर जाम लग गया। वाहन चालकों को करीब पांच मिनट तक डीआईजी के काफिले के पीछे खड़ा रहना। जब उनकी गाड़ी चली तो वाहन चालकों ने अपनी गाड़ी को भी चलाया।
क्या बोले डीआईजी
डीआईजी दून ने कहा कि विकास रैली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। इसमें पार्किंग, मुख्य द्वार और पूरी अनाज मंडी में पुलिस बल तैनात रहेगा। 15 अगस्त तक कोई भी थाना प्रभारी थानों में नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा पर नजर रखेगा। उन्होंने शहरवासियों से कोई भी लावारिस वस्तु नजर आने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की।