सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान व प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल ने बीटेक एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग के आठवें सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें कामी रोड स्थित पूर्ण मूर्ति कैंपस के चार विद्यार्थियों राहुल कुमार मिश्रा, शुभम गुप्ता, सिमरन सिंह व सौरभ कुमार ने शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। चारों छात्र एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की परीक्षा में 9-9 सीजीपीए अंक हासिल कर संस्थान का नाम चमकाया है।
पूर्ण मूर्ति कैंपस के चेयरमैन डाॅ. विजयपाल नैन ने बताया कि बीटेक एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की छठे सेमेस्टर की परीक्षा में भी संस्थान के विद्यार्थी आदित्य रोशन व आशुतोष अमन ने 8.61 सीजीपीए अंक के साथ विश्वविद्यालय में टॉप किया है। अंकुश ने 8.43 सीजीपीए अंक लेकर द्वितीय व अनिकेत राठौर ने 8.26 सीजीपीए अंक हासिल कर तृतीय स्थान हासिल किया है। डाॅ. विजयपाल नैन ने विद्यार्थियों की इस सफलता का श्रेय एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापकों को दिया। इनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में बीटेक कार्यक्रम में विभिन्न विमानों और उनके घटकों के डिजाइन, निर्माण, रखरखाव, सुरक्षा और विज्ञान के अध्ययन से संबंधित है। एयरोनॉटिकल इंजीनियर अपने ज्ञान का उपयोग हवाई जहाज और संबंधित ढांचे की योजना बनाने, विकसित करने, बनाए रखने और परीक्षण करने में करते हैं। एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग एप्लाइड साइंसेज व डिजाइन में सबसे आकर्षक पाठ्यक्रमों में से एक है। इसमें रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। ड्रोन तकनीक व इससे उत्पन्न रोमांच की वजह से भी एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है। संस्थान के सचिव गौतम नैन, कोषाध्यक्ष भोपाल सिंह, प्रबंध निदेशक कपिल भाटिया, संदीप शाक्य, निदेशक एकेडेमिक्स डाॅ. स्वीटी, परिसर निदेशक कुलदीप, रजिस्ट्रार कंवलजीत सिंह संधू, डीन अकादमिक संदीप कुमार ने परीक्षा में सफलता पाने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।