फोटो 21: सोनीपत नगर निगम कार्यालय में बैठक के दौरान पंप ऑपरेटरों का प्रतिनिधिमंडल, निगमायुक्त
सोनीपत। नगर निगम क्षेत्र के पूर्वी जोन में गर्मी के बीच सोमवार से पानी की किल्लत बढ़ सकती है। नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत 65 संविदा पंप ऑपरेटरों ने हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है। उनका आरोप है कि ठेकेदार की ओर से तीन माह से वेतन नहीं दिया गया है। निगम आयुक्त हर्षित कुमार व वाटर पंप ऑपरेटरों के बीच वेतन के साथ कई मुद्दों पर वार्ता हुई, लेकिन उनके बीच सहमति नहीं बन सकी।
हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के बैनर तले नगर निगम कार्यालय में वाटर पंप ऑपरेटर एकत्रित हुए। उन्होंने कहा कि उनको कई माह से वेतन नहीं मिल रहा है। इसके लिए आवाज उठाई तो निगम प्रशासन ने वेतन देने का आश्वासन दिया, मगर दिया नहीं गया। निगमायुक्त के साथ बैठक बेनतीजा रहने के चलते पंप ऑपरेटरों ने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। मंच के प्रदेश महासचिव आरके नागर ने कहा कि निगम प्रशासन की मनमानी से शहरवासियों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ेगा। हड़ताल की वजह से पूर्वी क्षेत्र के 12 बूस्टिंग स्टेशन व 70 ट्यूबवेल दिनभर बंद रहेंगे। पूर्वी जोन में रहने वाले डेढ़ लाख लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
इस दौरान संदीप दहिया, प्रदीप मेहरा, अनिल कुमार, सूरज, जितेंद्र पाठक, ऋषिराज, प्रवीण, रविंद्र, सुरेश, शिवकुमार, राजू वर्मा आदि मौजूद रहे।