सोनीपत। हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया ने वीरवार को लघु सचिवालय में जनसुनवाई कर 22 शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के प्रयास से अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।
जनसुनवाई में एडवोकेट सुशीला ने मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने की शिकायत दी। आयोग अध्यक्ष ने मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और एक अधिवक्ता को शामिल कर समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति को एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपनी होगी ताकि तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
गढ़ी बाला निवासी रजनीश ने अपनी माता की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की शिकायत रखी। इस पर बंतो कटारिया ने डीसीपी को मामले की जांच करने और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अगवानपुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने केंद्र के लिए उचित स्थान उपलब्ध करवाने की मांग रखी। आयोग अध्यक्ष ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में स्थान उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि बच्चों को सुविधाजनक जगह पर सेवाएं मिल सकें।
बिजली सुविधा और चौपाल की जमीन से कब्जा हटाने के निर्देश:
नंगला बहलौल के निवासियों ने घरों तक बिजली पहुंचाने की मांग की। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त को गांव के राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बड़ी गांव निवासी रघुनाथ ने अनुसूचित जाति चौपाल की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दी। आयोग की अध्यक्ष ने बीडीपीओ को जांच करने और कब्जा पाए जाने पर उसे हटवाने के लिए कार्रवाई करने के लिए कहा।
आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया ने कहा कि गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्गों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों को कार्रवाई की जानकारी भी शिकायतकर्ताओं को देनी चाहिए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, डीसीपी जितेंद्र गहलावत, एसीपी जोगिंदर शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया भी मौजूद रहे।