-पार्षद साधना तनेजा और आरडब्ल्यूए की बैठक में पहुंचे विधायक निखिल मदान
-बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों को मौके पर दिए समाधान के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मॉडल टाउन फ्रेंड्स पार्क में रविवार को वार्ड नंबर 12 के मॉडल टाउन क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर बैठक हुई। विधायक निखिल मदान भी बैठक में पहुंचे, स्थानीय लोगों ने बिजली, पानी, सफाई और सीवरेज की समस्याएं उठाई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
निगम पार्षद साधना तनेजा और विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की ओर से बैठक बुलाई गई। लोगों ने बिजली के तार से हादसों का खतरा बताया। पार्कों में बच्चों के लिए झूले पुराने होकर खराब हो गए हैं, नए ओपन जिम लगाए जाएं। पार्कों की टूटी चहारदीवारी की मरम्मत करवाने की मांग रखी।
निवासियों ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने व सीवरेज से संबंधित समस्याओं का स्थायी समाधान करवाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
विधायक ने कहा कि आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और मौके पर अधिकारियों से संवाद कराने का उद्देश्य समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार आगे भी इस प्रकार की बैठकें आयोजित की जाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।
अधिकारियों को मौके पर दिए निर्देश
विधायक ने मौजूद में पहुंचे नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता अमित पंवार और अंकुर शर्मा को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराएं।