सीवर व्यवस्था का अभाव:
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। घरों के सेप्टिक टैंक साफ करने वाले निजी टैंकर चालक, दूषित पानी और मल-जल सड़क किनारे, खाली प्लॉटों और खुले स्थानों पर डाल रहें हैं। मल-जल का निस्तारण कहां किया जा रहा है, इसकी निगरानी के लिए कोई प्रभावी तंत्र कार्य नहीं कर रहा।
सीवर लाइन न होने के कारण ग्रामीणों के पास सेप्टिक टैंक साफ करवाने के लिए निजी टैंकर संचालकों का सहारा ही विकल्प है। टैंकर चालक गंदगी निकालकर इसे सड़क किनारे या खाली जमीन पर ही बहा देते हैं। खुले में छोड़े जा रहे इस मल-जल से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध के कारण स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। दूषित पानी के जमीन में समाने से भू-जल की गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। खुले में जमा गंदगी से मच्छरों व अन्य हानिकारक जीवों के पनपने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है।
-
प्रशासन से सीवरेज व्यवस्था की मांग
गांव सैदपुर निवासी डॉ. संजय पंवार ने प्रशासन से निजी टैंकरों के संचालन व मल-जल निस्तारण की जांच करवाने की मांग की। साथ ही कहा कि खुले में गंदगी डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और गांवों में सीवरेज व्यवस्था विकसित की मांग की है। उनका कहना है कि पर्यावरण और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस समस्या का स्थायी समाधान बेहद जरूरी है।
वर्जन
दूषित पानी खेतों व सड़क किनारे छोड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। संबंधित टैंकर चालकों का पता लगाकर उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।
- अनिल, एसडीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सोनीपत।