फोटो 17- सोनीपत के राई राजीव गांधी एजुकेशन सिटी स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्
- फोटो : संवाद
सोनीपत। राजीव गांधी एजुकेशन सिटी राई स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में शनिवार को नवनियुक्त कुलपति प्रो. डॉ. देविंद्र सिंह ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। कुलसचिव प्रो. डॉ. आशुतोष मिश्रा ने नवनियुक्त कुलपति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का हित उनके लिए सर्वाेपरि रहेगा। पहली प्राथमिकता शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का सर्वांगीण विकास करना होगी। वह समाज के सभी वर्गों के बच्चों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। देशभर में स्थित सभी एनएलयू में पहले शीर्ष विश्वविद्यालयों में इसका नाम विश्व पटल पर दर्ज करवाने का प्रयास करेंगे। शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास रहेगा।
कुलपति ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि वह उनके विजन को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास करेंगे। प्रो. डॉ. देविंद्र सिंह इससे पहले चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के विधि विभाग के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। साथ ही पंजाब विवि के विधि संकाय के मनोनीत डीन, सीनेट के सदस्य व महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय, बद्दी के विधि विद्यालय के डीन पद पर कार्यभार संभाल चुके हैं।
वर्ष 2021 में विवि के कार्यकारी परिषद के रह चुके सदस्य
कुलसचिव प्रो. डॉ. आशुतोष मिश्रा ने बताया कि प्रो. डॉ. देविंद्र सिंह वर्ष 2023 से 2025 तक शिमला के हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की शोध डिग्री समिति के विशेषज्ञ, वर्ष 2022 से 2024 तक अमृतसर के गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की शोध डिग्री समिति के विशेषज्ञ, वर्ष 2021 में सोनीपत के राई स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कार्यकारी परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। शनिवार को उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार ग्रहण किया। विवि के सभी शिक्षकों व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने कुलपति को कार्यभार ग्रहण करने पर बधाई दी।