संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। शहर में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती से राहत दिलाने के लिए बिजली निगम एक सप्ताह में करीब 10 स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर रखेगा। विधायक निखिल मदान ने रविवार सुबह ब्रह्म नगर में 200 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू कराया। कहा कि जिन क्षेत्रों में ओवरलोड के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, वहां प्राथमिकता पर नए ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे।
शनिवार देर रात ब्रह्म नगर में लंबे पावर कट के कारण लोगों ने विरोध जताया था। सूचना मिलने पर विधायक मौके पर पहुंचे थे और बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता रणबीर देशवाल व एसडीओ कार्तिक कुमार को बुलाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई थी। इसके साथ ही एसबीआई बैंक के सामने वाली गली में नया ट्रांसफार्मर लगाने और लटक रहे तार को नए पोल लगाकर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
गर्मी के मौसम में रिकॉर्ड बिजली खपत के कारण कई फीडरों और ट्रांसफार्मरों पर क्षमता से अधिक भार पड़ रहा है। इससे फ्यूज उड़ने, ट्रांसफार्मर खराब होने और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें बढ़ रही है। नए ट्रांसफार्मर लगने से लोड का संतुलन बेहतर होगा और आपूर्ति अधिक सुचारु हो सकेगी।
बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में शहर के ओवरलोड वाले क्षेत्रों का सर्वे किया गया है। इसके आधार पर मालवीय नगर, ब्रह्म नगर, दहिया कॉलोनी, मयूर विहार, आर्य नगर, गुड़ मंडी सहित करीब 10 स्थानों पर अगले सप्ताह नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। उनका कहना है कि इससे ट्रांसफार्मरों पर लोड कम होगा और बार-बार लगने वाले पावर कट से लोगों को राहत मिलेगी। बैठक में अधीक्षण अभियंता मनिंदर कादियान और कार्यकारी अभियंता रणबीर देशवाल सहित उपमंडल अभियंता भी शामिल रहे।
बिजली निगम के एक्सईएन रणबीर देशवाल का कहना है कि जिन क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे, वहां उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज की समस्या से भी राहत मिलेगी।