फोटो 34- नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत। संवाद
सोनीपत। शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए खंडस्तर पर टीमों का गठन किया जाएगा। इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। साथ ही कहा गया है कि वह अपने क्षेत्रों में टीमों का गठन कर गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को चिह्नित करें। स्कूलों की रिपोर्ट तैयार कर जिला मुख्यालय को देनी होगी।
चालू शैक्षणिक सत्र अपने अंतिम चरण में है। वहीं नए शैक्षणिक सत्र के दाखिलों के लिए स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को प्रभावित करने में जुट गए हैं। जिले में अभी भी काफी स्कूल ऐसे हैं। इनके पास मान्यता नहीं है। इसके बावजूद स्कूल बच्चों का दाखिला ले लेते हैं। परीक्षा के समय ऐसे स्कूल इन विद्यार्थियों का किसी दूसरे स्कूल के माध्यम से फार्म भरवाकर उनके पेपर दिला देते हैं। इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर खतरा मंडराता रहता है। इस स्थिति को देखते हुए आदेश दिए गए हैं कि बिना मान्यता के कोई भी स्कूल दाखिला नहीं लेगा। यदि कोई स्कूल नियमों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आदेशों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर शिकंजा कसने की रूपरेखा तैयार कर ली है।
टीमें प्रत्येक स्कूल का भौतिक सत्यापन करेंगी
जिला शिक्षा अधिकारी ने खंड स्तर पर टीमों का गठन कर गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। टीमें प्रत्येक स्कूल का भौतिक सत्यापन करेंगी। स्कूल के रिकाॅर्ड की जांच के साथ ही मान्यता संबंधित रिकाॅर्ड शिक्षा विभाग के दस्तावेज से मिलान किया जाएगा। कई बार स्कूल के पास मान्यता पांचवीं या आठवीं तक की होती है, लेकिन स्कूल में बच्चों की कक्षाएं 12वीं तक की लगाई जाती हैं।
वर्जन
गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को चिह्नित करने के लिए खंडस्तर पर टीमें गठित की जांएगी। इस संबंध में सभी बीईओ को अवगत करा दिया है। ऐसे स्कूलों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी। स्कूलों को भी नोटिस जारी किया जाएगा। अभिभावकों से भी अपील है कि वह मान्यता प्राप्त स्कूलों में ही बच्चों का दाखिला कराएं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।-नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत