सोनीपत। नगर निगम चुनाव को समय पर करवाने की तैयारी तेज कर दी गई है। उपायुक्त सुशील सारवान ने सोमवार को लघु सचिवालय में वार्डबंदी कमेटी की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्डबंदी का काम 20 नवंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए ताकि 21 नवंबर को वार्डबंदी का खाका तैयार कर मुख्यालय को भेजा जा सके।
नगर निगम के मेयर व पार्षदों का कार्यकाल 3 जनवरी 2026 को समाप्त हो जाएगा। नगर निगम की ओर से पांच साल पहले 3,40, 919 आबादी पर 20 वार्ड बनाए गए थे। अब निगम क्षेत्र की जनसंख्या बढ़कर करीब 4,05,275 हो गई है।
इनमें 83,000 बैकवर्ड क्लास (ए) और 20,953 बैकवर्ड क्लास (बी) की जनसंख्या है जबकि एससी की जनसंख्या 59,224 है। ऐसे में वार्ड की संख्या बढ़कर 20 से 22 हो जाएगी।
बैठक में निगम संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, चुनाव तहसीलदार दिनेश कुमार, पार्षद इंदु वलेचा, हरिप्रकाश सैनी, पुनीत त्यागी, अतुल जैन, निगम के उप आयुक्त हरदीप कुमार, भवन निरीक्षक आनंद कुमार, दलबीर सिंह और वीरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
मेयर ने दिए सुझाव : मेयर राजीव जैन ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि नगर निगम चुनाव समय पर कराया जाए। अधिकारियों को चाहिए कि वार्डबंदी को गंभीरता से लेते हुए जल्द अंतिम रूप दें। उन्होंने सुझाव दिया कि 1000 वोट पर एक बूथ बनाया जाए। मतदाताओं की संख्या के आधार पर 22 वार्डों में समान रूप से विभाजन किया जाए ताकि जनसंख्या के अनुसार प्रतिनिधित्व बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो सके।