रोडरेज में पिता की हत्या के बाद जहर खाने वाले रोडवेज चालक के बेटे का परिजनों न वीरवार को पोस्टमार्टम नहीं कराया। चालक के परिजन बस डिपो परिसर में धरने पर बैठे रहे। पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम करवाने को कहा, लेकिन परिवार ने मना कर दिया। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया।
रोडरेज में थार कुंडली के पास थार जीप से कुचलकर रोडवेज बस के चालक जगबीर सिंह की हत्या कर दी थी। जिसके बाद बुधवार को उनके बेटे संदीप ने भी जहर खा लिया था। उनकी भी अस्पताल में देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने निजी अस्पताल से संदीप का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया था। वीरवार को पुलिस ने परिजनों से पोस्टमार्टम के लिए संपर्क किया तो वह तैयार नहीं हुए। परिजन व ग्रामीण रोडवेज कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे रहे। जगबीर सिंह के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने संदीप के शव का भी पोस्टमार्टम नहीं कराया। संदीप ने पिता के अंतिम संस्कार वाले स्थान शमशान घाट में जाकर जहर खा लिया था। परिवार के लोगों ने संदीप का शव लेने और अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी मांगों को माने जाने के बाद ही वह शव लेंगे।
पुलिस ने नहीं की ठोस कार्रवाई
परिजन व रोडवेज कर्मी बोले उन्होंने जगबीर सिंह का शव लेने से इंकार कर दिया था। पुलिस व परिवहन विभाग के अधिकारियों के समझाने पर उन्होंने शव लेकर अंतिम संस्कार कर दिया था। उसके बाद पुलिस के तेवर बदल गए थे। मामले में जांच अधिकारी ने उनकी बात सुनने तक से इंकार कर दिया था। इसी दौरान संदीप के जहर खा लेने पर पुलिस अब दबाव में है। पुलिस कई लोगों की मदद से परिवार को समझाने का प्रयास कर रही है।