शादी समारोह में होने वाली शान-शौकत और दिखावे से दूर यहां कुछ अलग ही नजारा था। रिसेप्शन से पहले रक्तदान शिविर लगा और शादी के समय फेरे लेते हुए आठवां फेरा गरीब बच्चों पर वेतन का पांच फीसदी खर्च करने के वचन के साथ लिया गया। समाजसेवा को समर्पित यह जोड़ी लाठ गांव, हाल आबाद वेस्ट रामनगर के अमित और असावरपुर निवासी मंजू की है।
अमित पेशे से दिल्ली पुलिस में सिपाही है और मंजू महिला विश्वविद्यालय खानपुर में लेक्चरर। इनकी शादी शनिवार को हुई थी। शादी के बाद रविवार को रिसेप्शन से पहले सेक्टर-23 स्थित कम्यूनिटी सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 57 अतिथियों ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन कराने के लिए अमित ने अपने गुुरु नवीन कुहाड़, प्रदीप डागर एवं अभियान फाउंडेशन अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह को बुलाया।
मंजू नहीं दे पाई रक्त, अमित ने दिया
रक्तदान शिविर में नवदंपति ने भी रक्तदान के लिए हाथ बढ़ाया तो उनके रक्त की जांच की गई। मंजू के रक्त में हीमोग्लोबिन की मात्रा 11 ग्राम पाई गई। इसलिए उसे रक्त देने से मना कर दिया गया। हालांकि अमित ने शिविर में रक्तदान किया। अमित के अलावा उसके दोस्तों और दोनों तरफ के रिश्तेदारों ने भी रक्तदान किया। अमित ने आठवीं बार रक्तदान किया।