सख्ती से पूछताछ के दौरान पूनम ने स्वीकार किया कि अगस्त 2025 में उसने अपने मायके गांव सिवाह में भी भतीजी जिया की पानी में डुबोकर हत्या की थी। इससे पहले 12 जनवरी 2023 को गांव भावड़ में उसने अपने बेटे शुभम और गांव गंगाना से आई नवीन की भांजी इशिका को भी मौत के घाट उतारा था। दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद आरोपी के पति नवीन ने पूनम के खिलाफ बरोदा थाना में हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में बरोदा थाना पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर लिया है।
पुलिस ने पूनम को गोहाना न्यायालय में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी। उससे मनोचिकित्सक की निगरानी में भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच करेगी कि पूनम ने बच्चों की हत्या किसी तांत्रिक के कहने पर तो नहीं की थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन वारदातों में उसके साथ कोई और शामिल तो नहीं था।
गांव भावड़ में एसीपी राहुल देव की निगरानी में क्राइम सीन रिक्रिएट किया गया। पुलिस के सामने पूनम ने बताया कि वह सुंदर लड़कियों से नफरत करती थी। उसे भांजी इशिका से भी नफरत थी। वह उसे बहकाकर पानी के टैंक के पास लेकर गई थी। जहां पर उसने टैंक में इशिका को डुबो दिया था। उसके पांच से सात मिनट बाद उसे लगा कि वह फंस जाएगी। ऐसे में वह घर के अंदर गई और वहां सो रहे अपने पौने तीन साल के बेटे शुभम को लेकर आई और टैंक में डाल दिया।
आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। क्राइम सीन रीक्रिएट कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गई हैं। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी ने पहले भांजी और बाद में बेटे को डुबोकर मारने की बात कही है। -राहुल देव, एसीपी, गोहाना।