भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पूर्व मंत्री गोपाल कांडा व उनके भाई गोविंद कांडा के खिलाफ किसी दुुर्भावना से नहीं, बल्कि कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल फसल बीमा योजना पर दोगली नीति अपना रहे हैं।
रविवार को सिंचाई विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पूरा विपक्ष मुद्दा विहीन है। गोपाल कांडा और उनके भाई पर मामला दर्ज होने पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में कोई छोटा या बड़ा नहीं है। भाजपा सरकार में व्यक्ति देखकर नहीं, अपराध देखकर कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना को लागू करना सरकार का सराहनीय कदम है। लेकिन विपक्ष में बैठे लोग किसानों को बरगलाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। इसी प्रकार स्वर्ण जयंती समारोह को लेकर भ्रामक बयानबाजी की जा रही है। स्वर्ण जयंती मनाना अकेले भाजपा का काम नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लोगों के लिए गर्व का विषय है।
प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ने के बारे में पूछे जाने पर सुभाष बराला ने कहा कि हमारी सरकार पूर्व की सरकारों की तरह अपराधियों को संरक्षण नहीं देती है। उन्होंने माना कि और अधिक काम करने की जरूरत है। इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर नांदल, मार्केटिंग बोर्ड की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।