गन्नौर। कुख्यात गैंगस्टर सुनील सरढाना को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। सुनील सरढाना को हाल ही में एसटीएफ हरियाणा ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। उस पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
अमेरिका से प्रत्यर्पित करने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे गांव सरढाना निवासी सुनील को गुरुग्राम एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया था। 16 साल पहले गांव छोड़ने के बाद सुनील अपराध की दुनिया में चला गया था। प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुनील के विरुद्ध हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी समेत 24 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी से बचने के लिए सुनील फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाकर अमेरिका भाग गया था। तीन महीने पहले एसटीएफ को जानकारी मिली कि सुनील अमेरिका में रहकर गैंग ऑपरेट कर रहा है। एसटीएफ ने पड़ताल की तो पता चला कि गांव सरढाना निवासी सुनील कुमार ने अपना मूल पता छिपाकर दिल्ली के फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाया है। जिस पर उसके खिलाफ अगस्त माह गन्नौर में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
अमेरिका से प्रत्यर्पित होने के बाद जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा तो उसे गुरुग्राम एसटीएफ ने दबोच लिया था। सोनीपत पुलिस उसे फर्जी पासपोर्ट बनवाने के मामले में प्रोडक्शन वारंट पर ले सकती है। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में अपराध से दूर रहने की कर रहा अपील
गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम पुलिस की कस्टडी के दौरान उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वह युवाओं से अपराध से दूर रहने की अपील कर रहा है। उसने कहा कि अपराध की राह विनाश की ओर ले जाती है। किसी भी हाल में कानून का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। मैंने देख लिया है कि इस लाइन में कुछ नहीं है। सभी साथियों से अनुरोध है कि अपराधियों के चंगुल में न फंसे। वह आपका इस्तेमाल कर छोड़ देंगे। अपने घर पर रहें, सुरक्षित रहें।