गोहाना। शहर की कोर्ट कॉम्पलेक्स चौकी के गेट पर एक व्यक्ति ने हवलदार से हाथापाई कर उनकी वर्दी फाड़ दी। साथ ही सरकारी काम में बाधा पहुुंचाई। आरोपी अपनी पत्नी द्वारा पड़ोसियों के खिलाफ दी गई तांत्रिक क्रिया की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई के बारे में पता करने आया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोर्ट कॉम्पलेक्स चौकी में नियुक्त हवलदार विजयेश्वर ने बताया कि उनके पास 5 अगस्त को गोहाना की कृष्णा कॉलोनी निवासी कविता ने पड़ोसियों के खिलाफ तांत्रिक क्रिया करने की शिकायत दी थी। जिसके बाद उसने 11 अगस्त को दोनों पक्षों को चौकी में बुलाया था और पूछताछ की थी। कविता तांत्रिक क्रिया करने के आरोप लगा रही थी जबकि दूसरा पक्ष ऐसा करने से मना कर रहा था। दोनों ही पक्ष बातचीत के बाद अपने घर चले गए। विजयश्वर ने बताया कि शुक्रवार को वह सिपाही सोमदत के साथ गढ़ी उजाले खां जाने के लिए बाइक निकाल रहा था। इसी दौरान कविता का पति मुकेश वहां पर आया और उसने कहा कि उसकी पत्नी की शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। विजयश्वर के अनुसार उसने मुकेश को कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनी गई है वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। जिस पर मुकेश भड़क गया और हाथापाई करने लगा। मुकेश ने उसकी वर्दी फाड़ दी। साथ ही मामले में जांच करने से जाने से रोक दिया। सरकारी काम में भी बांधा डाली। विजयश्वर ने इसकी शिकायत डीएसपी को दी। जिसके बाद पुलिस ने मुकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।