गोहाना। गांव बुटाना में गश्त पर निकले सिपाही रविंद्र और एसपीओ कप्तान की हत्या के मामले में आरोपी गांव बुटाना की सुशीला व आशा को दो दिन का रिमांड पूरा होने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों को न्यायिक हिरासत में करनाल जेल भेज दिया है। युवतियों से फरार आरोपियों के बारे में कई अहम जानकारी मिली है।
गांव बुटाना के निकट हरियाली बाजार सेंटर के सामने 29 जून को सिपाही रविंद्र व एसपीओ कप्तान सिंह गश्त कर रहे थे। उन्होंने वहां चार युवकों व दो युवतियों को पकड़ लिया था। वह उन्हें चौकी ले जाना चाहते थे तो उन्होंने चाकू से वार कर दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को मामले में आरोपी आशा व सुशीला को गिरफ्तार कर अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड में सुशीला से सिपाही रविंद्र का मोबाइल बरामद किया गया तो आशा से उसका मोबाइल जब्त किया गया। जिसमें वह मुख्य आरोपी जींद के अमित से बातचीत करती थी। अमित पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। रिमांड के दौरान पूछताछ में युवतियों ने पुलिस को फरार चल रहे नीरज के बारे में अहम जानकारी दी है। रविवार को पुलिस ने दोनों युवतियों को मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेश किया जहां से उन्हें करनाल जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामलेश् में एक अन्य आरोपी संदीप सात दिन के रिमांड पर चल रहा है।
वर्जन
रिमांड पूरा होने के बाद रविवार को दोनों युवतियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें करनाल जेल भेज दिया गया। रिमांड के दौरान युवतियों ने फरार चल रहे बदमाशों के बारे में जानकारी दी। उसके आधार पर उनकी तलाश जारी है।
-बदन सिंह, थाना प्रभारी बरोदा।