खरखौदा में तस्करी से पकड़ी गई शराब के मामले में बड़े खेल का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तस्करों से पकड़ी गई शराब को तस्कर के गोदाम में ही रख दिया। जहां से उसमें से शराब को खुर्द-बुर्द कर दिया गया। इसकी शुरुआती जांच में गड़बड़ी सामने आने पर एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तस्करी के मुख्य आरोपी व उसके भाई समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ने मालखाना इंचार्ज व सवा साल के दौरान थाना प्रभारी रहे अधिकारियों की संलिप्तता की जांच शुरू कर दी है। उनकी संलिप्तता उजागर होने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खरखौदा में पिछले वर्ष सीएम फ्लांइग की कार्रवाई में बाइपास पर स्थित एक गोदाम में भारी मात्रा में अवैध शराब व बीयर मिली थी। आबकारी विभाग की टीम ने इसको गोदाम में ही सील कर दिया था। तब से लेकर अब तक शराब यहीं पर सील थी। उससे पहले वर्ष 2018 में पुलिस कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई सात ट्रक अवैध शराब जिसमें शराब की करीब 6500 पेटियां थी के साथ ही करीब एक दर्जन से ज्यादा मामलों में कार्रवाई के दौरान जब्त की गई शराब को इसी गोदाम में रखवाया गया था। इसकी शिकायत एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा को मिलने के बाद उन्होंने इसकी गिनती शुरू करा दी थी। गड़बड़ी का पता लगाने के साथ ही इस शराब को नष्ट भी कराया जाना था। जिसकी चलते एसपी ने इसकी जांच का जिम्मा डीएसपी हरेंद्र कुमार को सौंपा था। जिस व्यक्ति की शराब को जब्त किया गया था वह उसके गोदाम में ही रखी गई थी। जांच में सामने आया कि गोदाम में रखी गई शराब में गड़बड़ी हुई है। जिस पर अब पुलिस ने फिलहाल शराब तस्करी के आरोपी भूपेंद्र व उसके भाई जितेंद्र समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस कर्मियों की भूमिका की होगी पूरी जांच
एसपी सोनीपत का कहना है कि मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी। मालखाना इंचार्ज व उनकी टीम के साथ करीब डेढ़ साल के दौरान थाना प्रभारी रहे अधिकारियों की भी पूरी जांच होगी। जांच में थाना प्रभारियों व अन्य कर्मी जिसकी भी भूमिका मिलेगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। एसपी ने मामले में जांच कराते हुए डीएसपी हरेंद्र कुमार के साथ ही डीएसपी डॉ.रवींद्र कुमार व जितेंद्र कुमार भी को भी इसमें लगाकर निष्पक्षता से जांच कराई है।
एसपी सोनीपत जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि जानकारी मिली थी कि जिस गोदाम में पकड़ी गई शराब को रखवाया गया है, वह उसी व्यक्ति का गोदाम है। ऐसे में बड़ी लापरवाही दिखाई दी। डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच करवाने पर पता चला कि गोदाम में रखी शराब में भी गड़बड़ी है। जिसके आधार पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच होगी। जिसकी भी भूमिका सामने आएगी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।