सरपंच का अपहरण करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सूरी पेट्रोल पंप वाली गली के पास से गांव बैंयापुर के सरपंच का पिस्तौल के बल पर अपहरण का प्रयास किया गया। सरपंच ने ब्रेकर पर कार से कूदकर अपनी जान बचाई। सरपंच का आरोप है कि गांव के युवक ने पंचायती जमीन पर उसका 20 साल से कब्जा लिखकर देने का दबाव बनाया था। मना करने पर उनके साथ वारदात की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सरपंच ने पुलिस को दी शिकायत
गांव बैंयापुर के सरपंच हिमाचल ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह पहली जून को गोहाना जाने के लिए घर से निकला था। वह अपनी कार में सूरी पेट्रोल पंप वाली गली के मोड़ पर पहुंचे तो वहां भीड़ होने के कारण उन्होंने गाड़ी को रोक लिया। उनका आरोप है कि तभी उनके गांव का सुरजीत आया और उनकी गाड़ी की खिड़की खोलकर उनके पेट पर पिस्तौल अड़ा दी और उन्हें साथ की सीट पर धकेल दिया। इसी दौरान तीन-चार युवक और आ गए और वह जबरदस्ती गाड़ी को वापस गांव की तरफ लेकर चल दिए।