सोनीपत। राठधना रोड स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय में अपराध शास्त्र (क्रिमिनोलॉजी) द्वितीय वर्ष के छात्र ने मारपीट व रैगिंग के मामले में पुलिस जांच कर रही है। मामले में विवि की तरफ से भी अपने स्तर पर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही मामले में ठोस कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
राठधना रोड सोनीपत स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल विवि के छात्र प्रवेश कुमार ने राई थाना पुलिस को बताया था कि वह अपराध शास्त्र द्वितीय वर्ष का छात्र है। वह 20 फरवरी की रात को अपने दोस्त वाशु के कमरे में गए थे। तभी विवि के छात्र विहान पालीवाल, पियूष जाखड़, कनिष्क सिहाग, प्रशांत शर्मा, अधीर आसीम व पांच-सात अन्य कमरे में आ गए थे। उन्होंने आते ही उनके साथ रैगिंग शुरू कर दी थी। उनके विरोध करने पर आरोपियों ने सिर में स्टील की बोतल व बेल्ट से हमला कर दिया था। विहान व पियूष ने लोहे के पंच से कमर व पेट पर कई वार किए थे। उनके गले की चेन को खींच लिया था। किसी को बताने पर मारने की धमकी दी थी। उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था। पिटाई की वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी दी थी। राई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस मामले में अभी जांच कर रही है।
-
विवि में हुई घटना को लेकर जांच की जा रही है। विवि मामले की जांच में पुलिस का भी पूरा सहयोग कर रहा है। पुलिस मामले में जांच कर ठोस कार्रवाई करेगी।
अंजूमोहन, प्रवक्ता, ओपी जिंदल ग्लोबल विवि
मारपीट के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। सभी साक्ष्य खंगाले जा रहे है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, राई