खरखौदा। रोहतक मार्ग स्थित नगर पालिका के पूर्व कार्यालय को लेकर बुधवार को नगर पालिका और पुलिस आमने-सामने आ गई। नगर पालिका की जमीन पर पुलिस की ओर से कब्जा किए जाने के आरोपों के बीच नपा सचिव अपनी टीम और बुलडोजर लेकर पूर्व कार्यालय पहुंचे।वहां गेट पर बनाई गई दीवार को बुलडोजर से गिरा दिया गया।
इसी दौरान थाना प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और बुलडोजर ऑपरेटर को अपने साथ थाने ले गए। इसके बाद नपा सचिव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी थाने पहुंच गए। सूचना मिलने पर नपा अध्यक्ष हीरा लाल इंदोरा सहित कई पार्षद थाने पहुंच गए। नपा अध्यक्ष ने कहा कि जमीन नगर पालिका की है और बिना अनुमति उस पर कब्जा कैसे किया जा सकता है।
थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में नपा सचिव को अवगत कराया गया था। इस पर नपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें या किसी पार्षद को इसकी जानकारी नहीं है। नपा अध्यक्ष ने पुलिस से पूर्व कार्यालय खाली करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्यालय में नगर पालिका का रिकॉर्ड और सामान रखा हुआ है। थाना प्रभारी ने पहले छह माह का समय मांगा।
नपा अध्यक्ष ने कहा कि एसीपी की ओर से एक सप्ताह का समय बताया गया था, जबकि पार्षद एक माह का समय देने के लिए तैयार हैं। इसके बाद थाना प्रभारी की ओर से एक माह में कार्यालय खाली करने के लिए लिखित रूप से समय मांगा गया। इसके बाद सभी थाने से लौट गए।
मंगलवार को नपा अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया था कि पुलिस ने बिना अनुमति नगर पालिका की जमीन पर कब्जा किया है। उन्होंने कहा था कि नपा अधिकारी व कर्मचारी दीवार हटाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। उन्होंने 18 सितंबर को नपा सचिव को लिखित निर्देश देकर दीवार हटाने को कहा था। बुधवार को नपा की ओर से जेसीबी की मदद से दीवार हटा दी गई।