सोनीपत। जिले में स्थित पीएमश्री स्कूलों के बारे में अब विद्यार्थियों व अभिभावकों को आसानी से जानकारी मिल सकेगी। विद्यार्थी घर बैठे ही इंटरनेट के माध्यम से स्कूल से संबंधित सभी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने पीएमश्री स्कूलों की अपनी वेबसाइट बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्कूलों में अन्य सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके लिए 3 करोड़ 38 लाख 45 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है।
सहायक परियोजना समन्वयक रूपेंद्र पूनिया ने बताया कि पीएमश्री स्कूल केंद्र सरकार की योजना है। इन स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए अलग से बजट जारी किया जा रहा है। विभाग की तरफ से प्रत्येक स्कूल की वेबसाइट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एक स्कूल की वेबसाइट तैयार करने के लिए 20 हजार रुपये की राशि जारी की गई है। वेबसाइट पर स्कूल की आधारभूत संरचना, पाठ़्यक्रम, 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए शुरू किए गए विषय, स्कूल में कराई जाने वाली विभिन्न गतिविधियां, विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाएं, खेल मैदान, लैब, पुस्तकालय, शैक्षणिक स्टाफ सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी अपलोड की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को स्कूल का चयन करने में मदद मिलेगी।
शिक्षण सुधार पर दिया जाएगा ध्यान
जिले के पीएमश्री स्कूलों में विभिन्न विषयों के 107 शिक्षक कार्यरत हैं। स्कूलों में शिक्षण सुधार के लिए प्रत्येक शिक्षक को साल में पांच हजार रुपये का बजट अलग से जारी किया जाएगा। इस राशि से विद्यार्थियों का ज्ञान वर्धन करने के लिए शिक्षक विषय से संबंधित उपकरण व अन्य सामग्री खरीद सकेंगे। तीनों स्कूलों के 107 शिक्षकों के लिए 3.35 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई है। तीनों स्कूलों पर एक समान राशि खर्च की जाएगी।
स्कूलों में यह करवाए जाएंगे काम
जिले में मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर बारोटा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व खरखौदा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को पीएमश्री स्कूल का दर्जा दिया गया है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बजट जारी किया गया है। इसे फायर सेफ्टी, पहचान पत्र, भवन सुंदरीकरण, एलईडी, स्मार्ट टीवी, किचन गार्डन, रैंप निर्माण, लैंग्वेज लैब, पुस्तकालय, खेल मैदान तैयार करने व खेल उपकरण खरीदने सहित अन्य सुविधाओं पर खर्च किया जाएगा।
किस मद में कितना खर्च किया जाएगा
स्कूल की वेबसाइट : 60 हजार रुपये
शिक्षण सुधार : 05.35 लाख रुपये
खेल मैदान : 09 लाख रुपये
खेल उपकरण : 01.50 लाख रुपये
सुंदरीकरण : 03 लाख रुपये
किचन गार्डन : 30 हजार रुपये
वर्जन
जिले के पीएमश्री स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने 3 करोड़ 38 लाख 45 हजार रुपये का बजट जारी किया है। इन स्कूलों की अपनी वेबसाइट बनवाई जाएगी जिससे विद्यार्थी व अभिभावक घर बैठे स्कूल से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।-जितेंद्र छिक्कारा, जिला परियोजना समन्वयक, सोनीपत।