माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। जिले के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में अब पढ़ाई के साथ खेलों को भी बढ़ावा देने की कार्य योजना तैयार की गई है। इसके लिए जिले के 4 पीएमश्री राजकीय विद्यालयों में 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही विद्यालय प्रबंधकों को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहले परिसर में आउटडोर व इनडोर खेल सुविधाओं व खेल मैदानों का विस्तार करना होगा।
शिक्षा विभाग की ओर से नए शैक्षणिक सत्र में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की खेलों में भी प्रतिभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए पीएमश्री विद्यालयों में बहुउद्देशीय भवन का विस्तार करने, खेल मैदानों को बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं परियोजना के चेयरमैन लक्षित सरीन स्वयं इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
इन चार विद्यालयों में होंगी खेल सुविधाएं
हरियाणा राज्य स्कूल परिषद, पंचकूला ने जिले के 4 पीएमश्री राजकीय विद्यालयों में खेल सुविधाओं के लिए 5-5 लाख रुपये का बजट जारी किया है। इनमें गांव बेगा, छतेहरा, गढ़ी उजाले खां स्थित पीएमश्री राजकीय विद्यालय और गांव फरमाना स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या विद्यालय शामिल हैं। चारों विद्यालयों के प्रबंधकों को राशि सौंप दी गई है।
वर्जन
जिले के चार पीएमश्री राजकीय विद्यालयों में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके लिए हरियाणा राज्य स्कूल परिषद, पंचकूला की ओर से 20 लाख का बजट जारी किया गया है। नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पहले विद्यालय प्रबंधकों को व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया है। - नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।