सोनीपत। जिला प्रशासन की मांग पर सोमवार को 33 बसें प्रशासनिक ड्यूटी पर भेजी जाएंगी। वहीं, रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों बेहतर परिवहन सुविधा देने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। जिस भी रूट पर बसों की संख्या अधिक होगी, उसी पर बसों का रवाना कर दिया जाएगा।
महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना (एमजीजीबीवाई) के तहत प्लाट आवंटन पत्र वितरण समारोह का आयोजन सोमवार को किया जाएगा। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और लाभार्थियों को प्लाट आवंटन पत्र वितरित करेंगे। जिले के लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने व ले जाने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से रोडवेज विभाग से बसों की मांग की गई है। जिस पर सोनीपत डिपो से 26 बसें और गोहाना सब डिपो से सात बसों को सोमवार सुबह ही अलग-अलग खंडों में भेज दिया जाएगा। यह बसें प्रशासनिक ड्यूटी से शाम को ही वापस लौटेंगी। ऐसे में दिनभर यात्रियों को बसों की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
लोकल रूटों पर गहरा सकती है समस्या
वर्तमान समय में सोनीपत डिपो में करीब 140 बसें है। यहां से जम्मू, हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश व राजस्थान के लिए बसें रवाना होती है। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो सोमवार को लंबे रूटों पर बसें सामान्य दिनों की तरफ ही रवाना की जाएंगी। हालांकि लोकल रूटों पर बसों के फेरे कम किए जा सकते हैं। ऐसे में लोकल रूटों पर आवागमन करने वाले यात्रियों को बसों की कमी खल सकती है।
किस खंड में कितनी बसें रहेंगी तैनात
खंड लाभार्थी बस
सोनीपत 350 06
गन्नौर 300 06
मुरथल 400 07
खरखौदा 250 04
गोहाना 140 03
कथूरा 180 04
राई 131 03
कुल 1751 33
वर्जन
डीसीआरयूएसटी में सोमवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह लाभार्थियों को प्लॉट आवंटन पत्र वितरित करेंगे। इसके लिए जिले के विभिन्न खंडों से लाभार्थियों को लाने के लिए 33 बसों की मांग की गई है। सोनीपत डिपो से 26 व गोहाना से सात बसें प्रशासनिक ड्यूटी पर भेजी गई हैं। बस अड्डे पर आने वाले यात्रियों को परेशानियों ना हो, इसके लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं।
सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, रोडवेज डिपो, सोनीपत