खरखौदा। खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में छह पदक जीतकर नाम रोशन किया है। पदक विजेता खिलाड़ियों का खरखौदा स्थित प्रताप सिंह मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचने पर फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। हरियाणा स्टेट व दिल्ली स्टेट भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण व दो रजत पदक जीते हैं।
द्रोणाचार्य अवार्डी ओमप्रकाश दहिया ने बताया कि हरियाणा स्टेट भारोत्तोलन प्रतियोगिता 15 से 18 अगस्त तक गुरुग्राम में आयोजित की गई थी। इसके जूनियर वर्ग में हिमांशु ने 102 किलो भार वर्ग व आदित्य ने 96 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते हैं। सीनियर वर्ग में हिमांशु व तमन्ना ने 71 किलो भार वर्ग में रजत पदक जीते। वहीं, 17 अगस्त को दिल्ली के प्रहलादपुर में आयोजित स्टेट भारोत्तोलन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सीमा ने 81 किलो भार वर्ग व कपिल चौधरी ने 102 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। कन्या महाविद्यालय व प्रताप सिंह शिक्षा समिति के प्रधान पहलवान वेदप्रकाश व प्राचार्य दया दहिया ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।