फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खेल जगत में हरियाणा का परचम: नीरज के भाले ने बिखेरी स्वर्णिम चमक, रवि के दांव में मिली चांदी 

Fri, 31 Dec 2021 04:03 PM IST
निवेदिता वर्मा रविंद्र कौशिक, संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

ओलंपिक के साथ ही प्रदेश के खिलाड़ियों ने पैरालंपिक को भी देशवासियों के लिए यादगार बना दिया। हरियाणा के पैरालंपियन छाए रहे। 19 सदस्यीय दल में से पांच खिलाड़ी छह तमगे लेकर लौटे।
विज्ञापन
रवि दहिया और नीरज चोपड़ा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टोक्यो ओलंपिक व पैरालंपिक-2020 में हरियाणा के लाडले छाए रहे। खिलाड़ियों ने देश का नाम अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमकाते हुए हरियाणा को खेलों में सिरमौर बना दिया। नीरज व दीपक के भाले ने जहां स्वर्णिम चमक बिखेरी वहीं रवि ने दांव लगा चांदी और बजरंग ने कांसा जीता। हरियाणा के 11 गबरूओं ने पदक जीतकर देशवासियों को गौरवान्वित किया। ओलंपिक में जहां प्रदेश के 32 खिलाड़ियों ने भाग लिया, वहीं पैरालंपिक में 19 खिलाड़ी पहुंचे थे।

विज्ञापन


वर्ष 2021 में खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलंपिक में देश के खाते में आए 7 पदकों में हरियाणा की भागीदारी रही। तीन व्यक्तिगत और टीम इवेंट हॉकी में पदक हासिल कर प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी। ओलंपिक में पानीपत जिले के गांव खंदरा के नौजवान नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच डाला। उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में देश के लिए पहली बार स्वर्ण पदक जीत कर पूरे देश का नाम रोशन किया। वहीं, सोनीपत के नाहरी गांव निवासी रवि दहिया ने कुश्ती में विरोधियों को चारों खाने चित करते हुए रजत पदक जीता। साथ ही मूलरूप से झज्जर के गांव खुड्डन फिलहाल सोनीपत के मॉडल टाउन निवासी बजरंग पूनिया ने देश की झोली में कांस्य पदक डाला। हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर सोनीपत के गांव कुराड़ निवासी सुमित व करनाल के बराना के सुरेंद्र पालड़ ने कांस्य पदक दिलाया है। पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी की टीम में अकेले हरियाणा से नौ खिलाड़ी शामिल थीं।  

ओलंपिक में प्रदेश के यह खिलाड़ी हुए शामिल

दीपक पूनिया, उदिता, शर्मिला देवी, सविता पूनिया, रानी रामपाल, निशा, नेहा गोयल, नवनीत कौर, नवजोत कौर, मोनिका मलिक, पूजा रानी, सीमा विस्ला, सोनम मलिक, अंशु मलिक, विनेश फौगाट, यशस्विनी सिंह देसवाल, संजीव राजपूत, मनु भाकर, अभिषेक वर्मा, सुमित नागल, दीक्षा डागर, मनीष कौशिक, अमित पंघाल, विकास कृष्ण, सीमा पूनिया, संदीप कुमार व राहुल आलंपिक में शामिल हुए।

पैरालंपिक को बना दिया यादगार

ओलंपिक के साथ ही प्रदेश के खिलाड़ियों ने पैरालंपिक को भी देशवासियों के लिए यादगार बना दिया। हरियाणा के पैरालंपियन छाए रहे। 19 सदस्यीय दल में से पांच खिलाड़ी छह तमगे लेकर लौटे।प्रतियोगिता में जहां भाला फेंक में सोनीपत के गांव खेवड़ा के सुमित आंतिल ने सोना जीतकर सभी को गद्गद् कर दिया, वहीं फरीदाबाद के तिगांव निवासी सिंहराज अधाना ने दोहरी सफलता पाई। उन्होंने निशानेबाजी में 10 मीटर स्पर्धा में कांस्य व 50 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता। इसके साथ ही मूलरूप से सोनीपत के गांव कथूरा फिलहाल फरीदाबाद के मनीष नरवाल ने सोने पर निशाना लगाया। इसके साथ डिस्कस थ्रो में झज्जर के बहादुरगढ़ निवासी योगेश कथूरिया ने चांदी और कैथल के गांव अजीत नगर के हरविंद्र सिंह ने तीरंदाजी में कांस्य पदक जीता।

पैरालंपिक में प्रदेश के यह खिलाड़ी हुए शामिल

अमित सरोहा, धर्मबीर, रामपाल, नवदीप, विनोद कुमार, रणजीत भाटी, अरविंद, टेकचंद, एकता भ्यान, अरुणा तंवर, जयदीप, तरुण ढिल्लो व राहुल जाखड़ ने पैरालंपिक में भाग लिया।

चार लाडले बने खेल रत्न, आठ को मिला अर्जुन पुरस्कार

नवंबर माह में खेल रत्न व अर्जुन पुरस्कारों की घोषणा हुई। देश का नाम वैश्विक स्तर पर चमकाने वाले 12 खिलाड़ियों को इस वर्ष एक साथ खेल रत्न व अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया है। प्रदेश के नीरज चोपड़ा, रवि दहिया, सुमित आंतिल व मनीष नरवाल को खेल रत्न से नवाजा गया। वहीं सुरेंद्र पालड़, सुमित कुमार, योगेश कथूरिया, मोनिका मलिक, संदीप नरवाल, हरविंद्र सिंह, दीपक पूनिया, सिंहराज अधाना को अर्जुन पुरस्कार मिला। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें