फोटो 25. सोनीपत के गन्नौर की हरिनगर कॉलोनी में बहते दूषित पानी को लेकर रोष जताते लोग। संवाद
गन्नौर। वार्ड-6 स्थित हरिनगर काॅलोनी की श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर वाली गली में दूषित पानी निकासी के लिए नगरपालिका की ओर से दबवाए जा रहे पाइप को लेकर लोगों ने रोष जताया। उनका कहना था कि पानी निकासी के लिए उनकी गली में दबवाए गए पाइपों का लेवल ठीक नहीं है। अधिकारियों की अनदेखी के कारण ठेकेदार की ओर से लापरवाही बरती जा रही है।
श्रीकृष्ण प्रणामी गोशाला समिति के प्रधान सतपाल शर्मा, लक्ष्मण, जयबीर, जगदीश, सोमबीर, रामदत्त, राजेश, वीरेंद्र, ऋषिराज, प्रमोद, मनोज, दीपक ने बताया कि गली में नगरपालिका की ओर से नालियों की जगह पर 12 इंच के पाइप दबवाए जा रहे हैं। अधिकारियों की अनदेखी के कारण निकासी के पाइप गलत तरीके से दबाए जा रहे हैं। दूषित पानी का पाइप का लेवल नाले के लेवल से काफी नीचे है, जिससे दूषित पानी फिर से नाली में विपरीत दिशा में बहना शुरू हो गया है। इससे लोगों में सरकार व प्रशासन के प्रति रोष है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पाइप को उखाड़ कर उनका लेवल ठीक नहीं करवाया गया तो वह नगरपालिका कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे।
जेई को मौका निरीक्षण के दिए आदेश
नगरपालिका अध्यक्ष अरुण त्यागी के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने कनिष्ठ अभियंता सचिन धीमान को मौका निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि पाइप दबाने में गड़बड़ी मिली तो उन्हें उखड़वाकर दोबारा लेवल में दबवाया जाएगा।
फोटो 25. सोनीपत के गन्नौर की हरिनगर कॉलोनी में बहते दूषित पानी को लेकर रोष जताते लोग। संवाद