सोनीपत के मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में धरने के दौरान
सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल के शिक्षक संघ डीक्रूटा ने विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कर दिया है। डीक्रूटा ने निर्णय लिया है कि इस दौरान विद्यार्थियों की क्षतिपूर्ति के लिए शिक्षक अतिरिक्त कक्षाएं लगाएंगे।
डीक्रूटा प्रधान डाॅ. सुरेंद्र दहिया ने बताया कि 5 फरवरी को विश्वविद्यालय के डाॅ. राधाकृष्णन प्रशासनिक भवन में शिक्षकों की आम सभा में प्रशासन की तरफ से शिक्षकों के हित में की गई कार्रवाई का पुन: मूल्यांकन किया जाएगा। इस बैठक के आधार पर आगामी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जाएगी। डीक्रूटा के उपप्रधान डॉ. अनिल यादव ने विश्वविद्यालय प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन अपने रवैये में सुधार करते हुए लंबित फाइलों का निपटारा तुरंत करें व विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को उच्च स्तर का बनाने के लिए डीक्रूटा की मदद करें।
डीक्रूटा की सोमवार को हुई बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन को शिक्षकों की मांग पूरी करने के लिए कुछ समय देने का निर्णय लिया गया है। सभी ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन शिक्षकों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई करेगा।
साल 2022 से पदोन्नति की बाट जोह रहे हैं प्राध्यापक
विश्वविद्यालय के प्राध्यापक अक्तूबर 2022 के बाद से पदोन्नति की बाट जोह रहे हैं। विवि प्रशासन ने अभी तक पदोन्नति नहीं की है, जिससे प्राध्यापकों में रोष है। प्राध्यापक लंबित मांगों को लेकर 23 जनवरी से धरना दे रहे थे। प्राध्यापकों के धरने पर प्रधान डाॅ. सुरेंद्र दहिया, उपप्रधान डाॅ. अनिल यादव, महासचिव डाॅ. अजमेर सैनी, डाॅ. पंकज सिंह व डाॅ. ममता भगत सहित अन्य मौजूद रहे।