किडनी ट्रांसप्लांट वार्ड में मरीजों के साथ पीजीआईएमएस डॉक्टरों की टीम । स्रोत: पीजीआईएमएस
रोहतक। पीजीआईएमएस के किडनी ट्रांसप्लांट वार्ड में भर्ती पीजीआईएमएस के पहले दोनों मरीजों को शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। निदेशक डाॅ. एसएस लोहचब ने दोनों मरीजों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि समय पर दवाई लें और चिकित्सक की ओर से बताई गई सलाह का कड़ाई से पालन करें।
डाॅ. एसएस लोहचब ने कहा कि उन्हें आज काफी खुशी है कि संस्थान में हुए पहले किडनी ट्रांसप्लांट के दोनों मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि हरियाणा सरकार की ओर से संस्थान में उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ कुलपति डाॅ. अनिता सक्सेना के मार्गदर्शन में मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। चिकित्सा अधीक्षक ने भी दोनों मरीजों के स्वस्थ होने पर संतुष्टि जाहिर की।
इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. कुंदन मित्तल, न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डाॅ. ईश्वर सिंह, डाॅ. गौरव पांडे, डाॅ. एसके सिंघल, डाॅ. ममता, डाॅ. आशीष, डाॅ. आशा, यूरोलोजी विभागाध्यक्ष डाॅ. देवेंद्र पंवार, सोटो के नोडल अधिकारी डाॅ. सुखबीर बराड़, ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर दीप्ती कुमारी, राजेश, रोहित, रविता, निजामुल हसन मौजूद रहे।