संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ईंधन के दामों में लगातार 9वें दिन शनिवार को बढ़ोतरी की लगी हैट्रिक के बाद पेट्रोल 86 पैसे बढ़कर शतक पार 100.12 रुपये पहुंच चुका है, जबकि डीजल में 91 पैसे की बढ़ोतरी से दाम 92.66 रुपये पहुंच गए हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली बार सीधे 3-3 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, 19 मई को पेट्रोल पर 87 पैसे, जबकि डीजल के दाम में 91 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी आए दिन लोगों की आर्थिक परेशानी बढ़ रही है। 10 दिन के अंदर पेट्रोल-डीजल के तीन बार दाम बढ़ने से खासकर वाहन चालक परेशान हैं। वहीं आमजन से लेकर किसान तक हर वर्ग को झटका लगा है। वर्तमान में युवा से बुजुर्गों तक सभी वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल पर निर्भर हैं। पहली बार दाम बढ़ते ही जहां ऑटो चालकों ने किराया बढ़ाकर लोगों का सफर महंगा कर दिया था, वहीं, अब खाद्य पदार्थों के भावों के साथ खेती पर भी असर पड़ता दिखाई दे रहा है। खाद्य बाजार में भी महंगाई बढ़ने रूपी संकट के बादल मंडरा सकते हैं। अब लोगों की नजर खाद्य सामग्री के भावों पर टिकी है।
लोगों में संशय बना है कि जहां एक ओर तेल की कीमतों में इजाफा हो रहा है। वहीं, ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से माल ढुलाई के मालभाड़े में बढ़ोतरी की संभावना बनी है। आशंका है कि मालभाड़ा बढ़ने से खाद्य पदार्थों व सब्जियों के दाम बढ़ाकर महंगाई कभी भी लोगों को बड़ा झटका दे सकती है। बता दें कि जिले में अधिकतर सब्जियां व खाद्य सामग्री दिल्ली से आपूर्ति हो रही हैं। यही कारण है कि तेल के दाम बढ़ने से ऑटो चालक जिले में सीधे तौर पर 50 फीसदी किराये में बढ़ोतरी कर चुके हैं।
सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत देनी चाहिए। नौ दिन में तीन बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। इससे महंगाई भी बेकाबू हो जाएगी।
विनोद, सेक्टर-15
पहले ही जनता महंगाई से जूझ रही है। अब सरकार की ओर से लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की जा रही है। सरकार की ओर से देश की जनता पर आर्थिक बोझ डालने की बाद उन्हें राहत दी जानी चाहिए।
नरसी, गांव बड़वासनी
पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार तीसरी बार ऊपर से बढ़ोतरी की गई है। सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल के तय दाम शनिवार से लागू कर दिए गए हैं। फिलहाल तेल संबंधी कोई किल्लत नहीं है।
प्रविंदर खत्री, प्रधान, पेट्रोल पंप एसोसिएशन
फोटो : सोनीपत के बावा-तराना रोड स्थित फिलिंग स्टेशन पर गाड़ी में पेट्रोल डालता कर्मचारी। संवाद
फोटो : सोनीपत के बावा-तराना रोड स्थित फिलिंग स्टेशन पर गाड़ी में पेट्रोल डालता कर्मचारी। संवाद