गांव खुबडू खेल स्टेडियम के पास सड़क किनारे खेत में पुलिस ने बिहार के रहने वाले मजदूर का शव बरामद किया। पुलिस ने भूख-प्यास से मजदूर की मौत होने की आशंका के चलते पोस्टमार्टम कराया तो उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
खुबडू झाल चौकी पुलिस को खुबडू खेल स्टेडियम के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की तो उसकी पहचान बिहार के दरभंगा निवासी सलेंद्र के रूप में हुई। सलेंद्र के चचेरे भाई सियाराम ने पुलिस को बताया कि वह काफी दिनों से गर्मी से परेशान था। उसने खाना पीना भी छोड़ दिया था। वह खुबडू गांव जाने की बात कहकर उनके पास से गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सलेंद्र की मौत गला दबाने के कारण हुई है।पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सियाराम ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ समसपुर गामड़ा में प्रदीप के खेत में धान लगाने के लिए आए थे। उनमें उसका चचेरा भाई सलेंद्र भी था। पुलिस ने मामले में पानीपत में राजमिस्त्री का काम करने वाले सलेंद्र के भाई संजय के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
वर्जन
प्रवासी मजदूर की हत्या गला दबाने से किए जाने का पता लगाने के बाद उसके भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द मामले से पर्दा उठाया जाएगा।
- वजीर सिंह रेढू, थाना प्रभारी, गन्नौर