फोटो 01: सोनीपत के सारंग रोड पर मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग। संवाद
सोनीपत। पानी आपूर्ति में कटौती किए जाने से परेशान दो कॉलोनियों के लोगों ने मंगलवार सुबह सारंग रोड पर एकत्रित होकर रोष जताया। ज्ञान नगर व भीम नगर के लोगों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पानी की दोबारा बेहतर आपूर्ति करने की मांग की। विधायक निखिल मदान ने लोगों को कॉल कर आश्वासन दिया कि उनको पानी की आपूर्ति पूरी की जाएगी।
लोगों का कहना था कि ज्ञान नगर व भीम नगर में 600 से ज्यादा परिवार रहते हैं। दोनों कॉलोनियों में कई साल से पानी की आपूर्ति बेहतर नहीं हो पा रही थी। लोग पानी की मांग को लेकर लगातार प्रशासन व सरकार से मांग कर रहे थे। लोगों की पेयजल समस्या का समाधान कराने के दो दिन पहले लाइन जोड़कर पानी की बेहतर आपूर्ति शुरू कराई थी। पानी भरपूर मिलने से लोगों को काफी राहत मिली। मंगलवार को निगम कर्मचारी पेयजल आपूर्ति कम करने के लिए कॉलोनी में पहुंचे तो लोगों ने इसका विरोध किया।
लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से हर घर तक पानी पहुंचाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन भीम नगर व ज्ञान नगर में पानी पूरा नहीं पहुंच रहा है। दो दिन से पानी की बेहतर आपूर्ति शुरू हुई थी। निगम कर्मियों ने दोबारा आकर पानी में कटौती करने की बात कही तो लोगों का निगम प्रशासन व सरकार के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। सूचना के बाद विधायक निखिल मदान ने फोन करके लोगों को समझाया। साथ ही उन्हें आश्वासन दिया कि ज्ञान नगर व भीम नगर में पानी आपूर्ति बेहतर रखी जाएगी, जिससे लोगों को पूरा पानी मिल सके।