एक महीने पहले बनी सीमेंटेड गली के टूटने पर प्रदर्शन करते किसान नेता व स्थानीय लोग। प्रवक्ता
गन्नौर। नगर पालिका की ओर से बनाई गई सीमेंटेड गली एक महीने के भीतर ही टूटने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड 15 में इंद्रा क्लिनिक वाली गली के क्षतिग्रस्त होने से नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
भाकियू चढूनी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पहल ने आरोप लगाया कि गली का निर्माण करीब एक माह पहले ही कराया गया था लेकिन निर्माण के बाद ही इसमें दरारें पड़ने लगीं। उनका कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है जिसके कारण गली टिक नहीं पाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गली का लेवल सही नहीं है। इससे नालियों में पानी जमा रहता है और बारिश के समय पानी सड़क पर ही खड़ा हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ठेकेदार के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया। कहा कि बिना गुणवत्ता जांच के ही ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना देने को मजबूर होंगे।