फोटो 39. सोनीपत के वेस्ट रामनगर में बिजली समस्या से परेशान होकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
सोनीपत। वेस्ट रामनगर में बिजली किल्लत से परेशान लोगों ने वीरवार को बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि 15 दिन से क्षेत्र में बिजली का संकट बना हुआ है। ट्रांसफार्मर से लगातार फ्यूज उड़ रहे हैं, जिससे वोल्टेज की समस्या बन रही है। अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
क्षेत्रवासी अमित, राहुल, वीरेंद्र, धर्मबीर ने बताया कि कालूपुर फीडर से वेस्ट रामनगर, कालूपुर, दहिया कॉलोनी, तीन नलके वाली गली, शीशराम बाग कॉलोनी में बिजली आपूर्ति होती है। रात के समय रोजाना तीन से चार घंटे तक बिजली गुल रहती है। फ्यूज उड़ने पर वोल्टेज कम-ज्यादा हो जाती है। जिससे बिजली के उपकरण जलने की आशंका रहती है। बिजली निगम के टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत करते हैं, परंतु उसका मैसेज दो दिन बाद आता है फिर स्थानीय शिकायत केंद्र पर शिकायत करते हैं तो हमेशा व्यस्त मिलता है। अधिकारी उनके फोन तक नहीं उठाते। ऐमें में मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और लोगों की सुविधा का ख्याल रखते हुए ट्रांसफार्मर की मरम्मत होनी चाहिए।
वर्जन
कालूपुर फीडर पर लोड ज्यादा होने के कारण क्षेत्र में बिजली समस्या बन रही है। लोगों की सुविधा के लिए नया फीडर बनाया जा रहा है। नए फीडर के लिए सुरक्षा मानकों की जांच करने को लेकर मुख्य विद्युत निरीक्षक (सीईआई) होना है। सीईआई से प्रमाणपत्र मिलने के बाद नए फीडर को चालू कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को परेशानी का सामना नहीं पड़ेगा।
विक्की गहलावत, उपमंडल अभियंता, बिजली निगम