सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का जल्द समाधान करना है।
ऐसे में किसी भी शिकायत का लंबित रहना संबंधित अधिकारी की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या अनावश्यक देरी को कतई सहन नहीं किया जाएगा।
लघु सचिवालय में शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। बैठक से पहले अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्वा कुमार सिंह ने भी वीसी के माध्यम से लंबित शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि अब तक समाधान शिविर में 10,602 शिकायत प्राप्त हुई है जिनमें से 8,198 का निपटारा किया जा चुका है और बाकी शिकायतों का भी जल्द निपटारा किया जाएगा।
उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की दैनिक आधार पर समीक्षा करें और उनके समाधान की प्रगति रिपोर्ट नियमित प्रस्तुत करें।
शिकायतों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। प्रत्येक शिकायत की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज रहे और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी की संभावना समाप्त हो सके।
बैठक में डीसीपी कुशल सिंह, एसडीएम डॉ. अनमोल, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, नगराधीश सिमरन, डीआरओ सुशील शर्मा, तहसीलदार कीर्ति भी मौजूद रहे।