सोनीपत। नागरिक अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ ने सायंकालीन ओपीडी शुरू कर दी है। नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे महानिदेशक डॉ. रणदीप सिंह पूनिया ने सिविल सर्जन को सायंकालीन ओपीडी में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिया था। इस पर सिविल सर्जन ने एनएचएम के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि शंकर और रोहतक से डेपुटेशन पर अस्पताल में पहुंचीं फिजिशियन डॉ. सताक्षी को सायंकालीन ओपीडी लगाने के निर्देश दिए थे। इसमें से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि शंकर ने सायंकालीन ओपीडी लगानी शुरू की है।
वहीं फिजिशयन डॉ. सताक्षी ने बीमार होने की बात कहकर सायंकालीन ओपीडी से मना किया है। सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। इसके चलते सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। ऐसे में मरीजों को निजी अस्पतालों में जेब ढीली करके उपचार कराना पड़ता है। जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की ओर से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत निजी अस्पतालों के चिकित्सकों की नियुक्ति अनुबंध आधार पर की गई। जिला अस्पताल में जनवरी में निजी अस्पताल से सर्जन डाॅ. मनित कोरपाल व हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. संदीप बिरजानिया की नियुक्ति की थी। दोनों चिकित्सक जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना शाम 4 से 6 बजे तक सायंकालीन ओपीडी लगाते हैं।
ढाई साल से स्थायी सर्जन नहीं
अस्पताल में ढाई वर्ष से स्थायी सर्जन नहीं है। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नवंबर 2021 से मुंडलाना सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (सर्जन) डॉ. संजय कौशिक अस्पताल में हर वीरवार को ओपीडी लगाते हैं। अस्पताल में अब शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रविशंकर ने भी सायंकालीन ओपीडी शुरू की है। अब शाम के समय भी बीमार बच्चों को भी इलाज मुहैया हो सकेगा। सरकार की ओर से निजी चिकित्सकों को मासिक मानदेय दिया जाएगा। चिकित्सा जांच के दौरान सर्जन के रूप में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल व डॉ. दीपक मलिक की सेवाएं ली जा रही हैं।
शाम के समय ऑपरेशन करने के दिए निर्देश
सिविल सर्जन ने सायंकालीन ओपीडी में ड्यूटीरत चिकित्सकों को जरूरी होने पर ऑपरेशन करने के निर्देश दिए है। अब तक सांयकालीन ओपीडी के चिकित्सकाें को मरीजों के इलाज की जिम्मेदारी दी गई थी। अब सांयकालीन ओपीडी के चिकित्सक भी जरूरी होने पर मरीजों के ऑपरेशन कर सकेंगे। इससे मरीजों को काफी राहत मिल सकेगी।
वर्जन
नागरिक अस्पताल में शिशु रोग चिकित्सक ने सायंकालीन ओपीडी लगानी शुरू की है। बीमार होने की बात कहकर फिजिशियन डॉ. सताक्षी ने सायंकालीन ओपीडी नहीं लगाई है। शाम के समय चिकित्सक भी जरूरी होने पर ऑपरेशन कर सकेंगे। इसके लिए चिकित्सकों को निर्देश जारी किए गए हैं।-डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन, सोनीपत।