फोटो : सोनीपत के खरखौदा उपमंडल कार्यालय परिसर में धरनास्थल पर पटवारियों के साथ बातचीत करते उपाय
खरखौदा। सोनीपत रोड स्थित उपमंडल कार्यालय परिसर में 4 फरवरी से चल रहा पटवारियों व कानूनगो का धरना शनिवार को उपायुक्त सुशील सारवान की मध्यस्थता के बाद खत्म हो गया। पटवारी एसडीएम व कानूनगो पर अभद्रता का आरोप लगा रहे थे। अब सभी पटवारी व कानूनगो सोमवार से काम पर लौटेंगे और लंबित काम को प्रतिदिन दो घंटे अतिरिक्त समय काम कर पूरा करेंगे।
शुक्रवार को पटवारियों के धरने का नेतृत्व कर रहे जिला प्रधान के खिलाफ महिला आयोग व उपायुक्त को भेजी गई चिट्ठी भी सामने आ गई जिसमें क्षेत्र की तीन महिलाओं ने पटवारी पर यौन शोषण, धमकी देने और काम के बदले रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। ऐसे में पटवारियों की तरफ से एसडीएम पर ही इस शिकायत को कराने के आरोप लगाए गए जिससे सुलझने की तरफ चल रहा विवाद गहरा गया। शनिवार को डीसी सुशील सारवान के साथ हुई बैठक केे बाद धरने को खत्म करने का एलान किया।
आरोप लगाने वाली महिलाएं संबंधित गांव की नहीं :
गंभीर आरोप जिन महिलाओं ने लगाए थे वह एसडीएम खरखौदा की जांच में संबंधित गांव में नहीं मिली। इसकी गांव सरपंच, संबंधित पटवारी की ओर से भी तस्दीक की गई। मामले की रिपोर्ट तहसीलदार की ओर से एसडीएम को प्रस्तुत करने पर उनकी तरफ से उपायुक्त को इस शिकायत को निरस्त करने की सिफारिश की गई। पटवारियों के धरने को खत्म करने पर विधायक पवन खरखौदा ने एसोसिएशन का आभार जताया। इस दौरान द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जयवीर चहल एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर व सीटीएम डाॅ. अनमोल व तहसीलदार बिजेंद्र नांदल भी मौजूद रहे।