सोनीपत। सर्दी में मांसपेशियों और जोड़ों का दर्द बड़ रहा है। जिला अस्पताल में रोजाना 120 से ज्यादा मरीज फिजियोथेरेपी कराने के लिए पहुंच रहे हैं। उम्र के साथ बुजुर्ग लोगों को जोड़ों व मांसपेशियों में दर्द की समस्या रहती है। इस मौसम में पर्याप्त मात्रा में विटामिन डी न मिलने के कारण लोगों में दर्द की समस्या बन रही है। ठंड से पहले फिजियोथेरेपी कराने वालों की संख्या कम थी।
ठंड के बीच मरीज ज्यादातर कमर दर्द, गर्दन दर्द, घुटनों में दर्द और जोड़ों में अकड़न की शिकायत लेकर आ रहे हैं। ठंड के मौसम में मांसपेशियां और जोड़ सख्त हो जाते हैं। इससे पुराने दर्द की समस्या बढ़ जाती है। खासकर बुजुर्ग, गठिया से पीड़ित मरीजों और लंबे समय तक एक ही मुद्रा में काम करने वालों को ज्यादा दिक्कत हो रही है।
हड्डी और जोड़ों के दर्द के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अस्पताल में 100 से ज्यादा मरीज पहुंच कर हड्डी और जोड़ों के दर्द का उपचार करवा रहे हैं। हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. विपिन दलाल मरीजों को दवा के साथ उचित खानपान व देखरेख की सलाह दे रहे हैं। साथ ही फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुरेंद्र गहलावत भी लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं।
सुबह-शाम की ठंडी हवा की वजह से लोगों ने व्यायाम बंद कर दिया है। यही कारण है कि गठिया, रूमेटाइड आर्थराइटिस व जोड़ दर्द के रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। हाथ-पैर, घुटने व कंधे समेत तमाम जोड़ों से राहत के लिए बड़ी संख्या में फिजियोथेरेपी विभाग में भी रोगियों की संख्या करीब दोगुनी हो गई है।
मरीजों को सलाह दी जा रही है कि ठंड में शरीर को ढककर रखें, सुबह-शाम हल्की धूप जरूर लें और नियमित रूप से हल्का व्यायाम करें। साथ ही ठंडे फर्श पर बैठने से बचें। दर्द बढ़ने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल ने बताया कि सर्दी के मौसम में लोगों के जोड़ों व हड्डियों में दर्द होने लगता है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों में होती है। जिनके घुटनों में दर्द रहता है। उठने-बैठने में परेशानी होती है। चिकित्सक ऐसे मरीजों को सर्दी से बचाव व प्रोटीन युक्त पदार्थों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें। गर्म भोजन करें। बुजुर्ग कम ही घर से निकलें। मरीजों को व्यायाम करना चाहिए और सर्दी से राहत के लिए धूप सेकनी चाहिए।