फोटो 10- सोनीपत स्टेशन परिसर में यात्रियों को साइबर ठगी जैसी घटनाओं के प्रति जागरूक करते एएसआई
सोनीपत। साइबर ठगी की वारदात लगातार बढ़ रही हैं। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इन पर अंकुश लगाने और रेल यात्रियों को जागरूक करने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत यात्रियों को साइबर ठगी से चाव के तरीके बताए गए।
जीआरपी थाना प्रबंधक विजयपाल ने बताया कि अंबाला रेल मंडल की पुलिस अधीक्षक नीतिका गहलोत के निर्देश पर सोनीपत जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर यात्रियों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रत्येक व्यक्ति, युवा व बच्चे मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। अधिकतर युवा शिक्षा, अध्ययन, रोजगार तो अन्य लोग ऑनलाइन खरीदारी के लिए इंटरनेट पर निर्भर हो चुके हैं। ऐसे में साइबर ठग भी विभिन्न तरीके अपनाकर लोगों से ठगी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की जरूरत है। प्रलोभन देने वाले मैसेज और पोस्ट को नजरअंदाज करना आवश्यक है। यात्रियों को जागरूक किया कि वह किसी के साथ मोबाइल पर आया ओटीपी, बैंक खाता व इंटरनेट अकाउंट की जानकारी साझा न करें। जागरूकता व सतर्क रहकर ही साइबर ठगी जैसे अपराधों से बचा जा सकता है।